मुख्य समाचार

चंपत राय का ड्राइवर बनकर आया था टिन्नू, फिर करने लगा बड़े निर्णय, बढ़ता गया आर्थिक साम्राज्य

 राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पहले ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के चालक के रूप में मंदिर से जुड़ा था। समय के साथ उसने अपनी निजी गाड़ी ट्रस्ट में किराये पर लगा दी। 



इसके एवज में उसे हर महीने ट्रस्ट से भाड़ा मिलता था। अब पुलिस आरोपी की आय के अन्य स्रोतों की भी पड़ताल कर रही है।राम मंदिर की दान पेटिकाओं से अनियमितता और चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपी जेल में बंद हैं। इनमें चंपत राय के चालक टिन्नू यादव का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। 


उसके पास से नकदी के रूप में तो सिर्फ एक लाख रुपये बरामद हुए थे लेकिन उसका आर्थिक नेटवर्क विस्तृत बताया जा रहा है। जांच में पता चला कि स्वयं चालक की भूमिका में मंदिर से जुड़ने के बाद उसका आर्थिक साम्राज्य बढ़ने लगा था।ट्रस्ट के महासचिव का बेहद करीबी होने के नाते उसका रसूख था। हर क्षेत्र में कई बड़े निर्णय तो वह अकेले ही ले लेता था। 


इसी रसूख के बल पर उसने लगभग चार साल पहले अपना एक वाहन मंदिर ट्रस्ट में भाड़े पर लगवाया था। इससे हर माह उसे अच्छा-खासा भाड़ा मिलता था। राम मंदिर के प्रशासनिक कार्यों में दखल के कारण जिले की कई बड़ी हस्तियां उसके संपर्क में थीं। इनमें राजनीतिक लोग, व्यापारी व प्रशासनिक लोग भी शामिल थे।


प्रॉपर्टी डीलरों से भी जुड़े मिले तार

जांच के दौरान टिन्नू यादव के कुछ प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क भी सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस को बातचीत और संभावित लेनदेन से जुड़े इनपुट मिले हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी से जुड़े धन का इस्तेमाल कहीं जमीन या अन्य संपत्तियों में निवेश के लिए तो नहीं किया गया। इसी आधार पर कुछ और लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई गई है।मुख्यमंत्री तक से मिल चुके एक प्रॉपर्टी डीलर से भी कनेक्शन

सूत्रों के अनुसार, टिन्नू एक ऐसे प्रॉपर्टी डीलर के नजदीक बताया गया है, जो पहले जिले के एक माननीय का बेहद करीबी थे। माननीय के जमीन से जुड़े कार्यों को भी वही देखते थे। कुछ माह पहले वह लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिले थे, जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में थी। पुलिस जांच में टिन्नू के इसी प्रॉपर्टी डीलर से सबसे ज्यादा नजदीकी के इनपुट मिले हैं।


शहर में एक जमीन खरीदने की चर्चा

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ व आरोपियों के आर्थिक नेटवर्क खंगालने में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने अपने रुपये जमीन में खपाने का प्रयास किए थे। इसी कड़ी में लगभग एक बिस्वा एक जमीन की चर्चा भी तेज है, जो शहर के बीचोबीच स्थित है। यह जमीन टिन्नू से जुड़ी बताई जा रही है, जिसका अभी सत्यापन किया जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने
📢 Prime Chetna Media में आपका हार्दिक स्वागत है। 🇮🇳 देश-विदेश, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य, धर्म, राशिफल और स्थानीय खबरों की हर ताज़ा एवं विश्वसनीय जानकारी सबसे पहले पढ़ें। Prime Chetna Media के साथ जुड़ें और हर पल रहें अपडेट।