गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया:
प्रशासन कब करेगा मंझा बेचने और बनाने वालों पर कार्रवाई:
ब्यूरो रिपोर्ट आमिर मिर्ज़ा
प्रयागराज : झूंसी के इसीपुर मलावा के पास रविवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझा उसके गले में फंसने से गहरा कट लग गया,जिससे वह बाइक से सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उसका इलाज चल रहा है।
कसेरुआ कला गांव निवासी अंशु पटेल रविवार को अपने दोस्त के साथ बाइक से रहीमापुर गया था। दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसीपुर मलावा के पास अचानक हवा में उड़ रहा चाइनीज मांझा अंशु के गले में फंस गया। मांझे से गले पर गहरा कट लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद अंशु के दोस्त ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शहर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजन अंशु को शहर के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का इस्तेमाल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें