मंडलायुक्त का निर्देश: ई-रिक्शा के लिए लागू होगी क्लस्टरवार नंबरिंग और कलर कोडिंग, ड्राइवरों के लिए यूनिफॉर्म-बैज अनिवार्य होगा:
ब्यूरो रिपोर्ट आमिर मिर्ज़ा
प्रयागराज। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने ई-रिक्शा, ऑटो, ई-ऑटो और डग्गामार बसों के संचालन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को उन्होंने उपाध्यक्ष पीडीए ऋषिराज, नगर आयुक्त साईं तेजा, आरटीओ, प्रवर्तन, एसीपी ट्रैफिक, बीएसए समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
•मंडलायुक्त ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 28-डी और उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली के नियम-14 के प्रावधानों के तहत ई-रिक्शा, ऑटो और ई-ऑटो चालकों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म और बैज अनिवार्य रूप से लागू कराने के निर्देश दिए। नियमों के अनुसार खाकी बुश शर्ट/कोट अथवा फुल ट्राउजर और कैप निर्धारित है। आरटीओ को सभी संबंधित चालकों का चिन्हांकन कर निर्धारित यूनिफॉर्म और बैज पहनना सुनिश्चित कराने की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
•तीन दिन में देनी होगी सर्वे रिपोर्ट
ई-रिक्शाओं की बढ़ती संख्या और प्रमुख मार्गों पर उनके अधिक कंसन्ट्रेशन को देखते हुए व्यापक सर्वे कराया जाएगा। इसमें ई-रिक्शाओं की संख्या, रूट, नगर निगम सीमा के अंदर और बाहर संचालन तथा प्रमुख कंजेशन प्वाइंट चिह्नित किए जाएंगे। इसके बाद शहर को विभिन्न जोन में बांटकर क्लस्टरवार नंबरिंग और कलर कोडिंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
•इसके लिए वीसी पीडीए, नगर आयुक्त, आरटीओ और एसीपी ट्रैफिक की समिति गठित की गई है। समिति को तीन दिन में सर्वे और अध्ययन की आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क किनारे ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, असुरक्षित रिक्शाओं को हटाने और बस स्टैंडों को व्यवस्थित करने की भी कार्ययोजना तैयार होगी।
मंडलायुक्त ने दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य रूप से लागू कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए।
•सड़क किनारे रहने वाले बच्चों का होगा सर्वे
शहर में सड़क किनारे रहने और सोने वाले बच्चों का सर्वे कर उनका चिन्हांकन कराया जाएगा। नगर आयुक्त और बीएसए को इनके भोजन एवं शिक्षा की व्यवस्था के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में एनजीओ की सहायता लेने को कहा गया।
•मेडिकल कॉलेज के सामने हटेगा अतिक्रमण
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने थॉर्नहिल रोड, क्लाइव रोड और मेडिकल कॉलेज चौराहे का निरीक्षण किया। थॉर्नहिल रोड पर फुटपाथ से अतिक्रमण, सूखे पेड़ और लकड़ियां हटाने, पेड़ों के बेस व्यवस्थित करने, खुले मैनहोल पर जाली लगाने और फुटपाथ को पैदल यात्रियों के लिए सुगम बनाने के निर्देश दिए। क्लाइव रोड पर फुटपाथ और विद्युत पोल से संबंधित कमियां तत्काल दूर कराने को कहा।
•मेडिकल कॉलेज के सामने सड़क और फुटपाथ पर दुकानों के अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे मार्ग को सात से आठ फीट तक अवरोधमुक्त कराने के निर्देश दिए। मेडिकल चौराहे पर श्री साईं डोसा कॉर्नर के अतिक्रमण और किचन व बर्तन धोने की व्यवस्था में स्वच्छता मानकों की कमी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


एक टिप्पणी भेजें