प्रयागराज में महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर DM को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज। महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने बेहद कम मानदेय और सुविधाओं को लेकर आवाज उठाई है। महिलाओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मासिक मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगें रखीं।
प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने बताया कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर समूह के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इसके बावजूद उन्हें वर्तमान में महज 66 रुपये प्रतिदिन का मानदेय दिया जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में इतने कम मानदेय में परिवार का खर्च चलाना बेहद मुश्किल है।
महिलाओं ने मांग की है कि वर्तमान 66 रुपये प्रतिदिन के मानदेय को बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही समूह सदस्यों को स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने, स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने और कार्य के लिए स्मार्टफोन या टैबलेट दिए जाने की मांग की गई है।
प्रार्थना पत्र में ऑनलाइन कार्य के लिए हर महीने मोबाइल रिचार्ज भत्ता देने और मानदेय का भुगतान सीधे महिलाओं के व्यक्तिगत बैंक खातों में करने की मांग भी रखी गई है। साथ ही ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है।
महिलाओं ने कहा कि वे जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन वर्तमान मानदेय उनकी मेहनत और बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मांगों पर जल्द विचार कर उचित समाधान कराने की अपील की।
इस मौके पर इलाहाबाद जन कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद हन्जला ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो महिलाएं चक्काजाम और बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगी। हन्जला ने कहा कि महिलाओं की मेहनत और जिम्मेदारियों को देखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
महिलाओं का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अपने कार्य को और बेहतर तरीके से कर सकेंगी। प्रयागराज से प्राइम टुडे न्यूज के लिए ब्यूरो चीफ आमिर मिर्ज़ा की रिपोर्ट

एक टिप्पणी भेजें